भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भारत और अमेरिका के बीच मजबूत होते रिश्तों को लेकर अहम बातें कही हैं। एक निजी समाचार चैनल को दिए इंटरव्यू में उन्होंने दोनों देशों के बीच बढ़ती नजदीकी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के संबंधों तथा प्रस्तावित व्यापार समझौते पर चर्चा की।
सर्जियो गोर ने पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच रिश्तों का जिक्र करते हुए कहा कि भारत और अमेरिका के बीच बढ़ती नजदीकी को देखकर कुछ दूसरे देश ईर्ष्या करते हैं। उन्होंने दोनों देशों के संबंधों को लेकर सकारात्मक रुख जाहिर किया।
G20 में मोदी से मुलाकात को लेकर क्या बोले?
अमेरिकी राजदूत ने दावा किया कि आगामी G20 शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन प्रमुख नेताओं में शामिल होंगे, जिनसे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप मुलाकात करना चाहेंगे।
दिसंबर में फ्लोरिडा में G20 शिखर सम्मेलन प्रस्तावित है और उम्मीद है कि प्रधानमंत्री मोदी भी इसमें हिस्सा लेंगे। ऐसे में मोदी और ट्रंप की संभावित मुलाकात पर भी सबकी नजरें रहेंगी।
ट्रेड डील पर भी नजर
इंटरव्यू के दौरान भारत-अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते का मुद्दा भी चर्चा में रहा। दोनों देश द्विपक्षीय व्यापार और आर्थिक सहयोग को आगे बढ़ाने की दिशा में बातचीत कर रहे हैं।
सर्जियो गोर की टिप्पणियों को ऐसे समय में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जब भारत और अमेरिका के रिश्ते रणनीतिक सहयोग के साथ-साथ व्यापार के मोर्चे पर भी अहम दौर से गुजर रहे हैं। आगामी G20 बैठक में दोनों नेताओं की संभावित मुलाकात इस रिश्ते को लेकर आगे की दिशा के संकेत दे सकती है।