इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने देश के राजनीतिक इतिहास में एक अहम उपलब्धि हासिल की है। उनकी सरकार द्वितीय विश्व युद्ध के बाद इटली में सबसे लंबे समय तक लगातार सत्ता में रहने वाली सरकार बन गई है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेलोनी को बधाई देते हुए भारत-इटली संबंधों में उनके योगदान की सराहना की।
पीएम मोदी सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, “मेरी मित्र और प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को दूसरे विश्व युद्ध के बाद लगातार सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद पर रहने वाली प्रधानमंत्री बनने पर बधाई. यह उपलब्धि उनके नेतृत्व में इतालवी लोगों के भरोसे और विश्वास को दिखाती है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मेलोनी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि इटली की जनता के उनके नेतृत्व पर भरोसे और विश्वास को दर्शाती है।
पीएम मोदी ने भारत और इटली के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में जॉर्जिया मेलोनी की भूमिका की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के लोगों के बेहतर और समृद्ध भविष्य के लिए भारत उनके साथ मिलकर काम जारी रखने को लेकर प्रतिबद्ध है।
मोदी ने मेलोनी के आगामी कार्यकाल के लिए सफलता की शुभकामनाएं भी दीं।
वहीं, इस उपलब्धि पर जॉर्जिया मेलोनी ने भी एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया साझा की। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार अब इटली गणराज्य के इतिहास में सबसे लंबे समय तक काम करने वाली सरकार बन चुकी है।
मेलोनी ने इस रिकॉर्ड को गर्व के बजाय जिम्मेदारी की भावना से देखने की बात कही। उनके मुताबिक, राजनीतिक स्थिरता किसी रिकॉर्ड को दिखाने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह वह आधार है जो किसी देश को भविष्य की बेहतर योजना बनाने, फैसले लेने, अपने वादे पूरे करने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मान हासिल करने में मदद करता है।
इस उपलब्धि के साथ मेलोनी ने इटली की राजनीति में अपने नेतृत्व की मजबूत स्थिति को एक बार फिर स्थापित किया है। वहीं, पीएम मोदी की बधाई से भारत और इटली के बीच बढ़ते रणनीतिक सहयोग की अहमियत भी सामने आती है।