रक्षाबंधन से पहले एक ज्वेलरी ब्रांड का विज्ञापन सोशल मीडिया पर विवाद की वजह बन गया है.
विज्ञापन में अभिनेत्री कृति सेनन नज़र आ रही हैं. कुछ लोगों को उनके कपड़े पसंद नहीं आए, तो कुछ को यह बात खटकी कि उन्होंने अपने कुत्ते को राखी बांधी.
ये विज्ञापन ज्वैलरी ब्रांड जीवा का है. विवाद बढ़ता देख कंपनी ने अपना ये विज्ञापन हटाने का फ़ैसला किया है.
एक इंस्टाग्राम पोस्ट में कंपनी ने लिखा, “हम भारतीय संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों का बहुत सम्मान करते हैं. एक ब्रांड के रूप में, हमने हमेशा पूरे परिवार के साथ इन खुशी के पलों को मनाने में विश्वास रखा है और इस बार हम अपने पालतू जानवरों तक भी यह प्यार और जश्न फैलाना चाहते थे. यदि हमारे हालिया विज्ञापन से अनजाने में समाज के कुछ वर्गों की भावनाओं को ठेस पहुंची है, तो ऐसा हमारा इरादा बिल्कुल भी नहीं था. सम्मान व्यक्त करते हुए, हमने उक्त विज्ञापन को सभी प्लेटफ़ॉर्म से हटा लिया है. इस त्यौहार के मौसम में आप सभी को ढेर सारा प्यार और सकारात्मकता.”